वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में आग से बचाव के लिए बने फायर फाइटिंग टैंक में दरार आने से बाहर पानी लग गया। पास में इलेक्ट्रानिक पैनल में भी पानी घुसने से वहां करेंट उतर आया। कर्मचारियों ने तत्काल चिकित्सा अधीक्षक को सूचना दी। इसके बाद बिजली कटवाई गई नहीं तो बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था।
अस्पताल में आग की घटनाओं पर काबू पाने लिए फायर फाइटिंग टैंक है। यहां पर्याप्त मात्रा में पानी रखने की व्यवस्था है। शुक्रवार देर रात टंकी में दरार आने से पानी रिसने लगा। इससे पैनल में करीब एक फिट से अधिक पानी जमा हो गया और करेंट उतर आया। पानी उबलने लगा। चिकित्सा अधीक्षक ने सूचना मिलते ही व्यवस्था दुरुस्त कराई। समय से बिजली नहीं कटवाई जाती तो करेंट आसपास के कमरों में भी पहुंच सकता था, जहां मरीज भर्ती थे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय ने टैंक में रिसाव को लेकर पीडब्लूडी के अधिकारियों से बातचीत की। इस तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताई।