वाराणसी। प्रदेश के राज्यमंत्री अनिल राजभर ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। शुक्रवार को ककरमत्ता में पत्रकारों के सवाल पर कहा कि सुभासपा के प्रत्याशी कहीं से चुनाव लड़ें पांच हजार से अधिक वोट नहीं पाएंगे। राजभरों को पता है कि उनका भविष्य कहां सुरक्षित है। आज भी बड़ी संख्या में राजभर समाज के लोग भाजपा के साथ खड़े हैं। पिछड़े, अति पिछड़े और दलितों का हित केवल भाजपा में है।
हाल ही में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रत्याशियों की सूची जारी की। बाद में बनारस और चंदौली से प्रत्याशी भी बदलने की घोषणा की गई।
ओमप्रकाश राजभर के पार्टी से निकालने के सवाल पर अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा गठबंधन धर्म निभाती है। वे गठबंधन के साथी हैं और वे गठबंधन धर्म का पालन करेंगे। शत्रुधन सिन्हा के कांग्रेस और उनकी पत्नी पूनम सिन्हा के सपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि उन्हें भी पता चल जाएगा कि कितने पानी में हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार परिवारों की सीटें भी बचानी मुश्किल हो गई। यही कारण है कि लोग यूपी छोड़कर दक्षिण भाग रहे हैं। भाजपा ने गरीब महिलाओं को निशुल्क एलपीजी कनेक्शन दिया। एलईडी बल्ब और गांव-गांव बिजली पहुंचाई। देश में विकास की गति बढ़ाई।