रोहनिया। देवर और दो बच्चों के साथ मायके जा रही मीरा देवी (32) की बाइक पर बुधवार को खुशीपुर के समीप टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में मीरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई और उसका देवर व दो बच्चे घायल हो गए। हादसे में महिला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने लठिया में बाईपास पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भर्ती कराया।
कपसेठी थाना अंतर्गत मझियार निवासी राजकुमार गुप्ता और उसकी पत्नी मीरा देवी मुंबई में रहते हैं। 31 मार्च को मीरा की दादी की मौत हो गई थी। मंगलवार को मीरा अपने ससुराल आई और बुधवार को देवर सतीश, दो बच्चों प्रिंस व खुशी के साथ लठिया स्थित मायके जा रही थी। खुशीपुर के समीप पीछे से आए कंटेनर ने बाइक पर टक्कर मारी तो मीरा सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान मीरा को टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में मीरा की मौत से उसके पिता पूर्व प्रधान सच्चाराम यादव सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।