वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन के समीप कैंट रेलवे स्टेशन आने वाली अप लाइन की पटरी बुधवार को चटकी मिली। गुरुवार को फोर्स ब्लाक लेकर इसे दुरुस्त कराया गया। इसके चलते एक घंटे 40 मिनट तक ट्रेन परिचालन प्रभावित रहा। तीन ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर इस दौरान खड़ी रहीं।
काशी रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को अप लाइन का ज्वाइंट चिटका मिला। निरीक्षण के दौरान जब कीमैन की नजर में यह आया तो उसने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इंजीनियरिंग विभाग ने जब इसको दुरुस्त करने के लिए ब्लॉक मांगा तो उन्हें नहीं मिल सका। गुरुवार को दोपहर बाद 3:15 से 4:55 बजे तक ब्लाक लेकर पटरी की वेल्डिंग कर इसे दुरुस्त किया गया। इस दौरान दुर्ग-नवतनवा एक्सप्रेस काशी स्टेशन पर, पटना-मथुरा एक्सप्रेस व्यासनगर तथा पटना-सिकंदराबाद ब्लाक हट में खड़ी रही। इसके चलते यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा।