वाराणसी। वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर पूर्वांचल विद्युत संविदा मजदूर संघ के बैनर तले बुधवार को भी भिखारीपुर स्थित प्रबंध निदेशक कार्यालय के सामने कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। वक्ताआें ने कहा जब तक मांगें नहीं मानी जाती धरना जारी रहेगा।
संघ के महामंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कार्पोरेशन की ओर से कराए गए आडिट से किसी अधिकारी व ठेकेदारों के ऊपर कोई असर नहीं पड़ा है। इनकी मिलीभगत से कर्मचारियों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। विद्युत विभाग के अधिकारी संविदा कर्मियों की समस्याओं को जानते हुए भी अनदेखी कर रहे हैं। वेतन न मिलने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया। भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष जमुना पाल और उत्तर प्रदेश विद्युत महासंघ के अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह ने भी अधिकारियों व ठेकेदारों के हठवादी रवैये को देखते हुए प्रदर्शन को सहयोग देने का आश्वासन किया। कार्यक्रम में राकेश पांडेय ने भी विचार रखा। धरने में मनोज गुप्ता, महेंद्र पाल, मनोज, मनोज यादव, छोटे लाल, सुशील बाबू, देवेश, जवाहर प्रसाद, वीरेंद्र कुमार, लालजी, दिनेश कुमार, राजेश यादव, राकेश सिंह, अवधेश वर्मा, नीरज, गोपाल शर्मा, दिलीप सेठ आदि शामिल रहे।