वाराणसी। यूपी कॉलेज के बीकॉम के छात्र विवेक सिंह की हत्या का खुलासा पुलिस शनिवार को कर सकती है। प्रकरण में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो के खिलाफ विवेक की हत्या में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं जबकि तीसरे से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पूर्व महामंत्री अनुपम नागवंशी उर्फ कुंदन ने साजिश रच कर विवेक की हत्या कराई थी। अनुपम की तलाश में पुलिस की छापेमारी पूर्वांचल से लेकर बिहार तक जारी है।
यूपी कॉलेज के पीजी हॉस्टल के समीप 24 फरवरी की रात छात्र विवेक की हत्या कर दी गई थी। प्रकरण को लेकर यूपी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अनुपम सहित चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ शिवपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शिवपुर पुलिस के अनुसार छात्र गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई, मारपीट के पुराने प्रकरणों से जुड़े विवाद और छात्रसंघ चुनाव की रंजिश में विवेक की हत्या की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष शिवपुर ने बताया कि वारदात से जुड़े अहम तथ्य हमारे हाथ लगे हैं। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।