वाराणसी। भारत में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का रविवार से नियमित संचालन शुरू हो गया। नई दिल्ली से चली ट्रेन एक घंटे 25 मिनट देरी से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची। निर्धारित समय तीन बजे से एक घंटे 19 मिनट देरी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेन की सफाई व रेल कर्मचारियों में समन्वय की कमी के चलते ट्रेन आने के पौन घंटे बाद तक यात्रियों को बाहर ही खड़े रहना पड़ा। हालांकि ट्रेन में बैठने के लिए यात्री उत्साहित रहे। रेल अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के सभी टिकट बुक हो गए थे।
नई दिल्ली से चली वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर बाद तीन बजकर 25 मिनट पर कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर पहुंची, जबकि यहां पहुंचने का समय दोपहर दो बजे था। यात्री ट्रेन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही प्लेटफार्म पर ट्रेन आने का एनाउंस हुआ, सभी की निगाहें ट्रेन के आने वाली दिशा की तरफ टिक गईं। लगभग 15 मिनट बाद ट्रेन नजर आई तो दूसरे प्लेटफार्मों से भी यात्री प्लेटफार्म नंबर सात पहुंच गए। वंदे भारत से सफर कर वाराणसी पहुंचे लोग काफी खुश दिखे।
उधर, यहां से जाने वाले यात्रियों को सफाई व अन्य सुविधाओं के नाम पर ट्रेन में चढ़ने से रोक दिया गया। यात्री करीब पौन घंटे तक ट्रेन के बाहर खड़े गेट खुलने का इंतजार करते रहे। इस दौरान स्थानीय अधिकारियों व ट्रेन स्टॉफ में गेट खोलने को लेकर तू तू, मैं-मैं भी हुई। चार बजे के बाद ट्रेन के दरवाजे खुले। 4:19 मिनट पर ट्रेन नई दिल्ली के लिए रवाना हुई।