वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के उपलक्ष्य में 16 से 25 फरवरी तक वाराणसी में आयोजित हुए शॉपिंग फेस्टिवल का लकी ड्रॉ सोमवार को चौकाघाट स्थित अर्बन हाट में निकाला गया। दुबई की तर्ज पर पहली बार हुए इस आयोजन में कार, स्कूटी, एलईडी टीवी सहित 101 पुरस्कार उपभोक्ताओं में वितरित किए गए। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागी बच्चों ने लकी ड्रा निकाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आयोजन पहली बार हुआ है। अगले कार्यक्रम को और भी व्यापकता दी जाएगी। लकी ड्रा के विजेता अपने काउंटर रसीद व आईडी के साथ सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय से संपर्क करने पर इनामी सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव ने बताया कि दुबई की तर्ज पर यह शॉपिंग फेस्टिवल पहली बार बनारस में आयोजित हुआ। विभिन्न व्यापार मंडलों के सहयोग से कई प्रतिष्ठान इस फेस्टिवल का हिस्सा बने। मेगा ड्रा आल्टो के-10 एलएक्स आई दिया गया। वहीं प्रथम पुरस्कार के लिए होंडा एक्टिवा स्टैंडर्ड के हकदार पंकज, रामजी, वैशाली, अशोक कुमार, अमित का नाम चुना गया। बजाज बाइक के रूप में द्वितीय पुरस्कार के हकदार मदन लाल, सीता देवी, सोनी को मिला। एलईडी टीवी के लिए आद्रिका, प्रेरणा, सिल्की, निलीमा, रवि, नेहा, प्रशांत चुने गए। इस दौरान व्यापारी नेताओं प्रेम मिश्रा, अजित सिंह बग्गा को भी इस फेस्टिवल को सफल बनाने के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।