वाराणसी। आदमपुर थाना अंतर्गत खिड़किया घाट स्थित शाही नाला के समीप मंगलवार को युवक का अधजला शव मिला। युवक की पहचान छुपाने के लिए उसके सिर को कुचल दिया गया था। सूचना पाकर पुलिस पहुंची लेकिन शव की शिनाख्त नहीं की जा सकी। आशंका जताई गई है कि युवक की हत्या करने के बाद शव खिड़किया घाट पर फेंका गया है।
खिड़किया घाट पर अधजला शव पड़ा होने की सूचना पर पहुंची आदमपुर पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष है। वो नीले रंग की जींस पैंट और बनियान पहने हुए है। इंस्पेक्टर आदमपुर ने बताया कि युवक के शव के संबंध में जिले के सभी थानों को सूचना दे दी गई है। खिड़किया घाट की ओर आने वाले मार्ग पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आगामी 72 घंटे तक शव मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम करा कर पुलिस अंतिम संस्कार कराएगी।