वाराणसी। विश्वविद्यालयों, कॉलेजों में विभाग को इकाई मानकर नियुक्ति करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरोध में मंगलवार को शिक्षकों, छात्रों ने मलदहिया चौराहे से मशाल जुलूस निकाला। उधर, बीएचयू में विश्वनाथ मंदिर से जुलूस निकालकर विरोध जताया गया।
मलदहिया पटेल प्रतिमा से निकला जुलूस विभिन्न जगहों से होता हुआ भारत माता मंदिर पहुंचा। यहां काशी विद्यापीठ के शिक्षक डॉ. अनिल चौधरी के साथ ही डॉ. उमाकांत पासवान आदि ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का विश्वविद्यालयों एवं कालेजों में यूनिवर्सिटी को इकाई मानने के स्थान पर विभाग को इकाई मानने का फैसला आरक्षण को खत्म करने की साजिश है। केंद्र सरकार से इस पर अध्यादेश लाने की मांग की गई। इस दौरान डॉ. रेशम लाल, मिथिलेश, डॉ. संजय कुमार, अनीश सोनकर, सागर गुप्ता, राहुल राज, शरद कुमार आदि मौजूद रहे। डॉ. उमाकांत पासवान ने बताया कि इसी मामले में 31 जनवरी को लंका गेट से संसदीय कार्यालय तक मार्च किया जाएगा। उधर, बीएचयू परिसर में एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक संघर्ष समिति और परिवर्तनकामी विद्यार्थी मोर्चा की ओर से विश्वनाथ मंदिर गेट पर नारेबाजी कर जुलूस निकाला गया।