वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन में शामिल होने वाले कई अतिथियों की मेहमाननवाजी काशी की समृद्ध आतिथ्य परंपरा के आधार पर होगी। मेजबान अपने मेहमानों को दर्शनीय स्थलों के साथ आध्यात्मिक क्षेत्रों के दर्शन भी कराने की तैयारी में हैं। लजीज पकवानों को खानपान के केंद्र में रखा गया है।
जवाहर नगर, भेलूपुर के रहने वाले रीयल इस्टेट कारोबारी दीपक कुमार बहल के घर बहरीन के राजशेखरन पिल्लई आ रहे हैं। इनके स्वागत के लिए पूरा परिवार उल्लास से भरा है। दीपक ने कहा- हमारा प्रयास होगा कि काशी की कला व संस्कृति से मेहमानों को रूबरू कराया जाए। स्वागत से लेकर काशी दर्शन को खास बनाने की भी तैयारी की जा रही है। पत्नी सपना बहल ने बताया कि काशी से मेहमानों का रिश्ता अटूट बने, इसके लिए मेहमान का परंपरा के अनुसार स्वागत किया जाएगा। साथ ही यहां के प्रमुख व्यंजन उनके सामने परोसने की भी तैयारी है। हमारी कोशिश होगी कि मेहमान कम समय में ज्यादा से ज्यादा काशी के बारे में जान सकें। परिवार के अन्य सदस्य नमन बहल, निकिता बहल, दीपक कुमार बहल और नितेश बहल भी तैयारियों में जुटे हैं।