वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर में किराए का कमरा लेकर रह रही काशी विद्यापीठ की छात्रा के परिजनों ने युवक की हरकतों से तंग आकर लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया। मूलरूप से ओबरा सोनभद्र की रहने वाली छात्रा सुंदरपर में रहती है। परिजनों के अनुसार दो वर्ष से एक लड़का परेशान कर रहा था और कुछ दिनों से रास्ते में रोककर परेशान कर रहा था। 12 दिसंबर को छात्रा ने महिला हेल्पलाइन को भी सूचना दी जिसके बाद उसे चेतावनी दी गयी लेकिन नहीं माना।
17 दिसंबर की शाम को छात्रा की ममेरी बहन ने फोन कर उसको खाने पर बुलाया। छात्रा उसके कमरे पर गयी और दोनों मिलकर खाना बना रहे थे इसी दौरान युवक पहुंच गया और कमरा बंद कर छात्रा के साथ जबर्दस्ती करने लगा। उसकी बहन के शोर मचाने पर युवक दरवाजा खोलकर भाग गया। छात्रा ने परिजनों को फोन पर जानकारी दी तो मंगलवार की दोपहर में पहुंचे परिजनों ने लंका पुलिस को पूरी घटना बताई । छात्रा के पिता की तहरीर पर युवक सुशील कुमार के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि मामले की जानकारी परिजनों ने दी है मारपीट और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।