भदोही। भदोही कोतवाली क्षेत्र के औराई रोड पर बुधवार की रात सड़क दुर्घटना में नगर के प्रमुख कालीन व्यवसायी भरत हर्ष (49) की मौके पर मौत हो गई। वह अपने भाई के साथ बाइक से सर्रोई बाजार स्थित अपने कालीन प्रतिष्ठान से घर हरिरामपुर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पीछे बैठे भरत को गंभीर चोट लगी जबकि बाइक चला रहे अश्विनी भी घायल हो गए। अश्विनी का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
कालीन व्यवसायी का प्रतिष्ठान उनके हरिरामपुर आवास से दो किमी दूर है। परिवारिक सूत्रों ने बताया कि बुधवार की रात 11.30 बजे दोनों भाई सर्रोई बाजार से घर के लिए रवाना हुए। मुश्किल से 100 मीटर ही चले थी कि पीछे से एक ट्रक ने उनकी बाइक पर टक्कर मारी दी, जिससे दोनों दूर जा गिरे। हालांकि भरत को सिर और शरीर में काफी चोटें आईं और रक्तस्राव होने लगा। कुछ ही देर में भरत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन और मित्र घायल अश्विनी को निजी अस्पताल ले गए, जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। भोर से ही उनके घर पर कालीन निर्यातकों, व्यापारियों की भीड़ जुटने लगी थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
हादसे से जिले के व्यवसायियों में उदासी छा गई। गोपाल हर्ष, शौकत अली अंसारी, रमेश काबरा, विनय कपूर, कमरुद्दीन अंसारी, उमेश भल्ला, हाली कुमार जैन, तनवीर हुसैन दिनेश हर्ष, जाबिर बाबू अंसारी, डॉ. चिन्मय हर्ष, बसंत चांडक, हाली कुमार जैन, अमजद अहमद, मनोज सुराना, धर्मपाल गुप्त, विमलधर दूबे, खुर्शीद अहमद, राज नारायण पुरोहित, हाजी इरशाद, मनोज सुराना, पन्नालाल यादव आदि ने उनके घर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी।