भदोही। जल्लापुर नईबस्ती वार्ड में हाल ही में सीवर लाइन का विस्तार हुआ है। सीवर लाइन विस्तार के बाद खोदे गए गड्ढों को जैसे तैसे पाट दिए जाने से नागरिकों की समस्या शुरू हो गई है। मोहल्ले में चार पहिया वाहन नहीं आ जा पा रहे हैं। रात में सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। दुर्घटना की भी आशंका लोगों को सता रही है। अधिकतर लोगों को डर है कि यदि बारिश हो गया तो पूरी सड़क नर्क के समान हो जाएगी। लोगों ने मार्ग पर इंटरलाकिंग कराने की मांग की है।
चौरी रोड से जल्लापुर नईबस्ती मार्ग पर सुबह से ही आवागमन शुरू हो जाता है। मार्ग इंटर पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) निर्माण से वहां हाल ही सीवर लाइन का निर्माण कराया गया है। सड़क खोद कर सीवर विछाने के बाद मिट्टी से पाट तो दिया गया है लेकिन अभी भी मार्ग पर गड्ढे हैं। जिससे आवागमन बाधित हो गया है। जैसे तैसे लोग बाइक से काम चला ले रहे हैं लेकिन चार पहिया वाहन नहीं चल पा रहे हैं। यह स्थिति चार माह से है। मोहल्ले वालों का कहना है कि भीषण गर्मी में दिन भर धूल उड़ रही है। यदि बारिश हो गई तो स्थिति नारकीय हो जाएगी।
कालीन निर्यातक हाजी नसरुद्दीन अंसारी, हाजी सुहैल अंसारी, बशीर अली, डा.जाबिर अली, इजहार आलम, अफजाल खां आदि ने कहा कि काम पूरा करने के बाद ही दूसरा काम लगाना चाहिए। यदि इंटरलाकिंग ईंटें न बिछाई गईं तो आने वाले बारिश में घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। इतना ही नहीं कालीन का कच्चे माल की वाहन भी मोहल्ले में नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी, पूर्णिमा ने कहा कि सीवर लाइन का विस्तार हुआ है। थोड़ा दिक्कत हो रही है। इसकी जानकारी है। बताया कि उक्त मार्ग के निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है। मिट्टी धंसे ना इसको देखते हुए रोलर चलवाकर सड़क निर्माण करा दिया जाएगा।