वाराणसी। बीएचयू सामाजिक विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं को सांस्कृतिक मंच मुहैया कराने के उद्देश्य से गठित मणिकांचन की ओर से आयोजित चित्र प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपना हुनर दिखाया। संकाय के छात्रों ने काशी के घाटों, गंगा आरती से लेकर सारनाथ आदि जगहों पर फोटोग्राफी कर उसकी प्रदर्शन लगाई, जिससे कि लोग जागरूक हो सके।
मणिकांचन के फोटोग्राफी क्लब लेंसेक्स की ओर से संकाय परिसर में लगी प्रदर्शनी में दो दर्जन से अधिक छात्रों ने 50 से अधिक फोटो लगाए। आत्मदीप, चंद्राली मुखर्जी, कौस्तुभ, अनामिका, अनिकेत, अभिषेक गौरव, आकांक्षा वर्मा, गौरव पटेल, आकाश मालवीय आदि ने घाटों पर देशी-विदेशी पर्यटकों के रहने, फोटोग्राफी करने का चित्र लगाया है। इसके अलावा इसमें गंगा में नौकायन, सारनाथ में बौद्ध मंदिरों, कुतुब मीनार, महापुरुषों आदि की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान अगर किसी को फोटोेग्राफी पसंद आई तो छात्रों की ओर से बिक्री भी कराई गई। इस दौरान संकायाध्यक्ष प्रो. मंजीत चतुर्वेदी, छात्र सलाहकार योगेश आर्या के देखरेख में जाने माने फोटोग्राफर राजेश सिंह ने छात्रों को इस विधा से जुड़ी अहम जानकारियां दी। संकाय के छात्र सारंग चौधरी ने संतूर बजाकर सभी का दिल जीत लिया।