ज्ञानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर में सोमवार को 31वीं संभाग स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर वाहवाही बटोरी। इसके बाद दिन भर हुईं प्रतियोगिताओं में वाराणसी संभाग का दबदबा रहा।
बतौर मुख्य अतिथि समारोह का शुभारंभ करते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय परंपरा को अक्षुण्य बनाने का कार्य ये विद्यालय बखूबी निभा रहे हैं। गुरुकुल परंपरा का आधुनिक प्रतिरूप हमें नवोदय विद्यालयों में देखने को मिलता है। गुरु द्रोण, भीष्म पितामह की प्रेरणा से ही ये बच्चे भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। सांसद ने विद्यालय में व्यायामशाला, संगीत कक्ष बनवाने और वाद्य यंत्र मुहैया कराने के साथ मुख्य द्वार तक सड़क बनवाने की घोषणा की। बालिका वर्ग की आंचल ने प्रतिभागियों की खेल के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। इसके बाद मशाल जलाकर प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। दो दिवसीय स्पर्धा में कुल आठ संभागों के 264 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन वाराणसी संभाग के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। अंडर-14 में वाराणसी बी ने लखनऊ बी, वाराणसी ए ने हरिद्वार बी को हराया। वहीं, अंडर-17 में वाराणसी बी ने हरिद्वार बी और वाराणसी ए ने लखनऊ ए को मात दी। इसी तरह अंडर-19 में वाराणसी ए ने आगरा ए और वाराणसी बी ने हरिद्वार ए को हराया। इस मौके पर नवोदय विद्यालय के सहायक आयुक्त अंबेेश कुमार, प्राचार्य केेबीएस यादव, शैलेंद्र दूबे, वीके सिंह, राधेश्याम यादव, विनोद सिंह, आलोक सिंह, मनजीत सिंह, संगीता यादव, राजकुमार, सीके ओझा, एनएच अंसारी आदि मौजूद रहे।