ज्ञानपुर। जिला कारागार पर शनिवार को दोपहर तीन बजे जिला जज अनिल कुमार, डीएम राजेंद्र प्रसाद और एसपी सचिंद्र पटेल ने आकस्मिक छापेमारी की। इससे कारागार परिसर में खलबली मच गई। करीब एक घंटे तक अफसरों ने बैरक समेत साफ-सफाई का अवलोकन किया। कारागार में सबकुछ सामान्य मिला।
जिला जज अनिल कुमार गुप्ता, डीएम राजेंद्र प्रसाद, एसपी सचिंद्र पटेल शनिवार को दोपहर तीन बजे कारागार पहुंचे। इसके बाद सभी अफसर कारागार परिसर में एक-एक बैरक की गहनता से जांच की। विभिन्न मामलों में निरूद्ध कैदियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश जेलर और जेल अधीक्षक को दिया। न्यायिक एवं प्रशासनिक अफसरों ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक जेल परिसर में जांच- पड़ताल की हालांकि कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिला। एसपी सचिंद्र पटेल ने कहा कि जेल की रूटीन चेकअप था। जांच में सबकुछ सामान्य रहा। इस मौके पर एएसपी डॉ. संजय कुमार आदि मौजूद रहे।