वाराणसी। जिला जेल में बंदियों के पास मोबाइल मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को पेशी पर आए रिंकू उर्फ फहीम के पास से मोबाइल और गांजा बरामद किया गया। पेशी के बाद पुलिस वाहन से जेल लौटते समय कैंट पुलिस ने वाहन रुकवाकर तलाशी ली तो फहीम के पास से मोबाइल और गांजा मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ केंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। हत्या के प्रयास लूट समेत विभिन्न मामलों में आरोपी नदेसर निवासी फहीम जिला जेल के बैरक नंबर आठ में बंद है।
शनिवार को जिला जेल से सात मोबाइल बरामद किया गया। पगली घंटी बजाकर फोर्स बुलाई गई। प्रभारी जेल अधीक्षक के साथ ही डीएम को सूचना दी। फोर्स के आने पर बैरक नंबर दो, तीन और चार की तलाशी ली गई। बैरक नंबर तीन में निरुद्ध आबिद सिद्दीकी, राजीव पांडेय उर्फ वकील, अतुल सिंह, विवेक सिंह, आशुतोष सिंह के पास से सात मोबाइल और एक चार्जर बरामद हुआ। बंदीरक्षकों के आरोप पर जेलर ने कहा कि कड़ाई और सही से ड्यूटी करने की ताकीद पर अनर्गल बातें कहीं जा रही हैं। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।