वाराणसी। शहर के कोनिया मोहल्ले में बिना काम कराए ही 92 लाख रुपये के फ र्जी भुगतान पर शनिवार को सीएंडडीएस की जौनपुर इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित तीन को निलंबित कर दिया गया। पिछले दिनों ही शासन के निर्देश पर हुई जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
कोनिया मोहल्ले में वर्ष 2011-12 में बेसिक सर्विस एंड अर्बन पुअर (बीएसयूपी) प्रोजेक्ट से बिना काम कराए ही कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की जौनपुर इकाई ने फ र्जी कागजात पर 92 लाख रुपये का भुगतान करा लिया था। पूर्व में हुई शिकायत पर 29 जनवरी को सीएंडडीएस के मुख्य महाप्रबंधक एके पुरवार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी ने मौके पर जांच कर शासन को रिपोर्ट सौंपी थी। रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को प्रदेश सरकार ने प्रोजेक्ट मैनेजर रघुवीर सिंह, लेखाकार कमल किशोर राय व जेई प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया। बीते मंगलवार को सरकार ने तीनों अधिकारियों को तलब कर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।