वाराणसी। सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव के आह्वान पर जिला एवं महानगर इकाई ने शनिवार को सदर, पिंडरा और राजातालाब तहसील में धरना प्रदर्शन किया। सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक चले धरने में सपाइयों में प्रदर्शन के जरिए अपनी ताकत का एहसास कराया। सपा नेताओं का कहना था कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश के किसान बेहाल हैं। नेताओं ने अफसरों को पंद्रह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। धरने के दौरान तीनों तहसीलों में सपाइयों का कब्जा रहा। इससे कामकाज भी प्रभावित रहा।
जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव और राजकुमार जायसवाल के नेतृत्व में जुलूस सदर तहसील पहुंचा और तहसील कैंपस की सीढ़ियों पर कब्जा कर धरने पर बैठ गया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन पत्र एसीएम चतुर्थ सदर नीता यादव को दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि प्रदेश की भाजपा सरकार में किसान बेहाल है, सरकार के मुख्यमंत्री एवं उनके मंत्री अपने भाषणों में किसान के कल्याण की अनेक योजनाओं व कार्यक्रमों की घोषणा आएदिन करते आ रहे हैं, लेकिन धरातल पर किसानों के लिए कोई भी लाभकारी कार्य नहीं कर सके। वक्ताओं ने कहा कि किसानों के कृषि उपज का लाभकारी मूल्य दिया जाए, भाजपा सरकार बिजली दरों में बेतहाशा की गई वृद्धि को समाप्त करे एवं कृषि कार्य के लिए 24 घंटे बिजली दी जाए, किसानों को खाद उर्वरकों में सपा सरकार में दी जाने वाली सब्सिडी को उपलब्ध कराया जाए, पूर्व सरकार के निर्माणाधीन कार्यों को पूरा किया जाए, समाजवादी पेंशन को बहाल किया जाए, गरीबों को दी जा रही लोहिया आवास योजना पुन: शुरू की जाए, पिछड़े एवं अनुसूचित जातियों के बच्चों को दी जा रही छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति व शादी अनुदान अविलंब दिया जाए, गिट्टी एवं मोरंग बालू का दाम सस्ता किया जाए व शादी अनुदान अविलंब दिया जाए, समाजवादी पेंशन योजना एवं लोहिया आवास योजना बहाल किया जाए, किसानों एवं गरीबों के ग्राम समाज की जमीन पर निवास को मालिकाना हक दिया जाए, आलू किसानों के हुए भारी क्षति की प्रतिपूर्ति की जाए आदि मांगे प्रदेश सरकार से की गई। अजगरा तथा पिंडरा विधानसभा को पूर्व सांसद तूफानी सरोज एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में तहसील पिंडरा पर, सेवापुरी एवं रोहनिया विधानसभा को पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल एवं पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल के नेतृत्व में तहसील राजातालाब पर तथा शिवपुर एवं शहर की तीन विधानसभा उत्तरी, दक्षिणी एवं कैंट विधानसभाओं को जिलाध्यक्ष डॉ पीयूष यादव एवं महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल के नेतृत्व में तहसील सदर वाराणसी पर धरना दिया गया। रमेश राजभर, जितेंद्र यादव, मनोज राय धूपचंडी, रीबू श्रीवास्तव, डॉ ओपी सिंह, इस्तकबाल कुरेशी, आनंद मोहन गुड्डू यादव, बी पी सिंह, प्रदीप जायसवाल, राजू यादव, आशुतोष सिन्हा, गणेशदत्त यादव, अब्दुल्ला अंसारी, विकास यादव बच्चा, दीप चंद गुप्ता, पूजा यादव, विवेक यादव, वरुण सिंह, रितेश केसरी आदि मौजूद थे।