वाराणसी। बढ़ती आपराधिक वारदातों पर अंकुश न लगा पाने का खामियाजा चोलापुर, रोहनिया, लोहता और कैंट थानाध्यक्ष को भुगतना पड़ा। उन्हें पद से हटाते हुए एसएसपी ने नए थानेदार तैनात कर दिए हैं। कुछ थानेदारों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए पांच और थानों पर नए थानेदारों की तैनाती की गई है। जबकि, आए दिन चोरी की बड़ी वारदातों के बावजूद शिवपुर थानाध्यक्ष पवन उपाध्यक्ष को उनके पद पर बनाए रखा गया है। इसकी महकमे में खासी चर्चा रही।
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि नौ थानों पर नए थानेदार तैनात किए गए हैं। इंस्पेक्टर महेश पांडेय को कैंट, इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश गुप्त को रोहनिया, एसआई अनिल कुमार सिंह को बड़ागांव, एसआई सुरेंद्र को लोहता, एसआई हेमंत कुमार सिंह को जंसा, एसआई सतीश कुमार सिंह को सिगरा, एसआई दुर्गेश्वर मिश्रा को चोलापुर, एसआई अवनीश कुमार राय को मिर्जामुराद और एसआई ओम नारायण सिंह को चौबेपुर थानाध्यक्ष के तौर पर तैनात किया गया है। इसके अलावा अब तक कैंट इंस्पेक्टर रहे फरीद अहमद, रोहनिया इंस्पेक्टर रहे क्षितिज त्रिपाठी, चोलापुर एसओ रहे विनय प्रकाश सिंह और लोहता एसओ रहे जयश्याम शुक्ल को क्राइम ब्रांच में तैनात किया गया है। गैर जनपद स्थानांतरित हुए सिगरा एसओ रहे गोपाल जी गुप्ता को पुलिस लाइन भेजा गया है।