वाराणसी। गोपाष्टमी की पावन तिथि पर गौ माता की पूजा कर पुण्य बटोरने की होड़ लगी रही। पूजन-स्तवन और शृंगार में भक्तगण लगे रहे। शनिवार को गोपाष्टमी के अवसर पर श्री काशी जीवदया विस्तारिणी गोशाला एवं पशुशाला का 131वां स्थापना दिवस गोलघर स्थित गौशाला पर मनाया गया।
सुबह नौ बजे से गो पूजन आरंभ हुआ। इस दौरान गौ माता का शृंगार कर उन्हें विशिष्ट भोग दलिया, फल, गुड़ एवं हरा चारा आदि चढ़ाया गया। सविधि गोपूजनोपरांत गोमाता का दर्शन एवं गुड़ चना खिलाने का क्रम दिनभर चलता रहा। इसके उपरांत बच्चों की ओर से सांस्कृति प्रस्तुतियां दी गईं। इसमें गायों की महत्ता को दर्शाने वाली झांकियां, नृत्य नाटिका और गीत संगीत का समावेश किया गया था। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के उपरांत सभा का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि राधेश्याम खेमका और अध्यक्षता लोकेंद्र कारवा ने की। इस दौरान प्रदीप टिकमानी, चंद्रकांती पाल, जटाशंकर, आनंद सिंह, रामनारायण सिंह, लालमन सिंह आदि शामिल रहे।