वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से 36 महाविद्यालयों की संबद्धता और नियुक्ति की फाइलें गायब मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, 10 फाइलों के पन्ने बदल दिए गए हैं। रिकार्ड रूम से पत्रावलियां गायब होने में प्रथम दृष्टया कर्मचारियों की संलिप्तता मानी जा रही है। इस मामले में कुलसचिव ने रविवार को चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
देवरिया के एक महाविद्यालय की फाइल गायब होने की जांच पूरी नहीं हुई कि अब 36 और महाविद्यालयों की पत्रावलियां गायब होने का खुलासा हुआ है। संबद्धता और नियुक्ति से जुड़ी ये फाइलें 1984 से 2017 तक की हैं। वहीं, 10 फाइलों में छेड़छाड़ की गई है। फाइलों से टिप्पणी और आदेश के पन्ने गायब करके दूसरे पन्ने जोड़ दिए गए हैं। कुलसचिव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रशासन से 1984 से लेकर 2017 तक के परीक्षा नियंत्रक, विभागाध्यक्ष, रिकॉर्ड कीपर, डिस्पैचर का नाम, पता, नियुक्ति अवधि और मोबाइल नंबर मांगा है। कुलसचिव प्रभाष द्विवेदी का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। फाइलें गायब करने और छेड़छाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।