वाराणसी। कपड़े पर जीएसटी लगाए जाने के विरोध में शनिवार को भी बनारसी कपड़ों का कारोबार ठप रहा। बनारसी वस्त्र उद्योग एसोसिएशन और बनारस साड़ी डीलर एसोसिएशन के नेतृत्व में शाम को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कारोबारियों ने यह निर्णय लिया कि जब तक सरकार का ध्यान हमारी मांगों पर नहीं जाता और प्रधानमंत्री एसोसिएशन के पदाधिकारियों से नहीं मिलते, तब तक यह बंद जारी रहेगा। बैठक में व्यापारियों ने इस दौरान किसी तरह का धरना-प्रदर्शन न करने का निर्णय लिया।
बनारस साड़ी डीलर एसोसिएशन के महामंत्री जियाउद्दीन के यहां चली तीन घंटे की बैठक में संगठनों के पदाधिकारी ने लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने का फैसला किया। इसमें अशोक धवन, राजन बहल, राकेश वशिष्ठ, हाजी फय्याज, एजाज, हाजी मुहम्मद असलम, रहीम शम्सी, अतीक अहमद, नवेद, शाहिद आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता उबैदुर्ररहमान और संचालन हाजी अब्दुल रहीम ने किया। अनुमान के मुताबिक शनिवार की बंदी से करीब सवा सौ करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। रेशम, जरी, कलाबत्तू के व्यापारियों ने भी बंदी को समर्थन दिया और अपनी दुकानें बंद रखीं।
चौक क्षेत्र में रानी कुआं, लक्खी चौतरा, नंदन साहू लेन, कुंज गली सत्ती चौतरा, ठठेरी बाजार में साड़ी की दुकानों के शटर गिरे रहे। व्यापारियों ने विभिन्न इलाकों में जाकर दुकानें बंद कराईं। मदनपुरा, बड़ी बाजार इलाकों में भी दुकानें नहीं खुलीं।