जिले में 1200 वृद्धों की पेंशन बंद की जाएगी। अगली त्रिमासिक पेंशन उनके खाते में नहीं जाएगी। समाज कल्याण विभाग की ओर से जिले में हुए सत्यापन के बाद वे मृत पाए गए हैं। जिनके खाते में पेंशन गई है, उसकी रिकवरी होगी। पिछली किस्त 127881 वृद्धों के खाते में भेजी गई थी।
जिला समाज कल्याण विभाग वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत मानक के अनुसार 60 वर्ष से ऊपर के वृद्धों को हर माह एक हजार रुपये पेंशन दी जाती है। जिले में 127881 पेंशनधारक पंजीकृत हैं। हर नए सत्र के शुरू में पेंशनधारियों का सत्यापन होता है।
मगर, कई जिलों में पेंशन में गड़बड़ी के चलते शासन ने हर त्रिमासिक में पेंशन भेजने के पहले उनका सत्यापन करवाना शुरू कर दिया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद्र दूबे ने बताया कि दूसरी किस्त भेजने के पहले सत्यापन कराया गया। इसमें 12 सौ पेंशनधारक मृत पाए गए हैं। उनका पेंशन रोक दिया गया है।
वृद्धा पेंशन प्राप्त करने वाले लोगों की पहचान के लिए जांच की जाती है, और इसमें उन लोगों को हटाया जाता है जो अब जीवित नहीं हैं। यह प्रक्रिया पेंशन प्रणाली की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए होती है। इसे हर साल किया जाता है ताकि योजना का गलत लाभ ले रहे लोगों की पहचान की जा सके और सही लोगों को इसका फायदा मिल सके।