वाराणसी। बीएचयू के बिड़ला सी और एलबीएस हॉस्टल में सील किए गए दो कमरों के ताले शरारती तत्वों ने तोड़ दिए। सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन से मिली सूचना के आधार पर लंका पुलिस ने दोनों हॉस्टलों में तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही दोनों कमरों में नए ताले लगा कर लंका थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
बीते दो अप्रैल की रात बीएचयू परिसर में एमसीए के छात्र गौरव सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। प्रकरण को लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बिड़ला सी और एलबीएस हॉस्टल के जिन कमरों में बाहरी छात्र ठहरते थे, उन्हें सील कर दिया था। सोमवार को लंका पुलिस को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सूचना दी गई कि सील किए गए बिड़ला सी हॉस्टल के कमरा नंबर 128 और एलबीएस हॉस्टल के कमरा नंबर 428 का ताला टूटा हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन की सूचना पर लंका पुलिस ने दोनों हॉस्टलों में तलाशी अभियान चलाया और सील किए गए दोनों कमरों में नए ताले लगवाए।