वाराणसी। जैन जागृति सेंटर सेंट्रल बोर्ड चैरिटेबल ट्रस्ट मुंबई की ओर से रविवार को पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों को सात-सात लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शिवपुर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 12 शहीदों के परिवारीजनों को सात-सात लाख का चेक दिया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन जितेंद्र कोठारी ने बताया कि पुलवामा हमले में सभी शहीदों के परिजनों को सात-सात लाख की आर्थिक सहायता दी जानी है। इससे पूर्व 14 अप्रैल को उदयपुर में पांच शहीदों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई। चार मई को अमृतसर में चार परिवारों को 28 लाख रुपये का चेक दिया जाएगा। कार्यक्रम में शहीद अवधेश कुमार यादव (मुगलसराय), पंकज त्रिपाठी (महराजगंज), अमित कुमार (शामली), विजय कुमार मौर्या (देवरिया), रमेश यादव (वाराणसी), प्रदीप सिंह (कन्नौज), महेश कुमार (प्रयागराज), राम वकील (मैनपुरी), कौशल कुमार रावत, प्रदीप कुमार (शामली), अजीत कुमार आजाद (उन्नाव) और श्याम बाबू के परिवार को चेक दिया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव प्रफुल कामदार, ज्ञानु शुक्ल, त्रिजुगी नाथ शुक्ल, ओम प्रकाश शुक्ल, राधे श्याम शुक्ल, प्रशांत त्रिपाठी, राकेश सिंह, सूर्यकांत तिवारी, शिवानंद तिवारी आदि उपस्थित रहे।
शहीद की पत्नी को दिया ढाई लाख का चेक
पुलवामा आतंकी हमले में शहीद अवधेश यादव की पत्नी शिल्पी यादव को शनिवार को मैनकाइंड फार्मा की ओर से ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक राय ने शिल्पी को चेक प्रदान किया। डॉ. अशोक राय ने कहा कि मातृभूमि के लिए प्राणों की आहुति से बढ़कर कोई त्याग नहीं है। इस दौरान मैनकाइंड फार्मा की ओर से गौरव गुप्ता, संजय तिवारी, जितेंद्र वर्मा, अजीत, सुमित मौजूद रहे।