वाराणसी। मूल्यांकन बहिष्कार करने के फैसले के बाद शिक्षकों ने गुरुवार को अर्दली बाजार स्थित माध्यमिक शिक्षक संघ कार्यालय से मशाल जुलूस निकाला। शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में निकला जुलूस पुलिस लाइन चौराहा, अंबेडकर चौराहा होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां मांगों को लेकर मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंप कर शिक्षकों ने कार्रवाई की मांग की। दोपहर में संघ कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने कहा कि सरकार ने जब मांगें नहीं मानी तो आखिर में कड़ा फैसला लेना ही पड़ा। इसके पहले 15 मार्च 2018 को शासन में बातचीत में सात मांगों पर सहमति बनी, इसके बाद भी आदेश नहीं जारी किया गया।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर अब शिक्षा विभाग और शिक्षक आमने-सामने हैं। एक ओर जहां विभाग की ओर से आठ मार्च से तीन केंद्रों पर मूल्यांकन कराए जाने की बात कही जा रही है, वहीं शिक्षक मूल्यांकन बहिष्कार करने की जिद पर अड़े हैं। ऐसे में अधिकारियों के सामने कॉपियों के समय से मूल्यांकन की चुनौती है। बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के लिए जिले में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, प्रभु नारायण पीजी कॉलेज रामनगर और महाबोधि इंटर कॉलेज सारनाथ में मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। यहां परिषद की ओर से निर्धारित जिलों की कॉपियां देर शाम तक पहुंच गईं। तीनों केंद्रों पर सुबह 10 बजे से मूल्यांकन शुरू होगा। इधर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि केंद्रों पर कॉपियां आ चुकी हैं और मूल्यांकन तय समय से शुक्रवार को शुरू होगा।