वाराणसी। शहर में कूड़ेदान का इस्तेमाल नहीं करने वाले और सड़क पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माने की यह कार्यवाही तब चलेगी जब तक दुकानदार कूड़ेदान का इस्तेमाल करना नहीं शुरू कर देते हैं। उक्त निर्देश नगर आयुक्त आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सोमवार को सफाई व्यवस्था की बैठक के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए। शहर की सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी के लिए बैठक का आयोजन किया गया था।
नगर आयुक्त आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी से स्वच्छ भारत मिशन और शहर की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर बेहतर सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करें। बैठक के उपरांत उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था के लिए बनाए गए वार रूम का भी निरीक्षण किया तथा उसके कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली। बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके दूबे, अधिशासी अभियंता अजय कुमार राम मौजूद रहे।