वाराणसी। कचहरी के गोलघर चौराहा स्थित राजश्री मिष्ठान भंडार के कारखाने में मंगलवार की शाम आग लग गई। इस दौरान गैस सिलिंडरों में एक-एक कर कई धमाके होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पाकर एक-एक कर दमकल की 12 गाड़ियां आईं और तकरीबन एक घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान फायर अफसर योगेंद्र चौरसिया और एक सिपाही के साथ ही शीशे चटकने से कुछ राहगीर घायल हो गए। इस दौरान एक घंटे से ज्यादा समय तक कचहरी से अर्दली बाजार मार्ग पर आवागमन ठप रहा और मौके पर सैकड़ों तमाशबीनों की भीड़ जुटी रही।
कचहरी स्थित गोलघर चौराहा के समीप की बिल्डिंग के भूतल पर राजेश गुप्ता का राजश्री मिष्ठान भंडार है जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर गोदाम और कारखाना है। बताया जाता है कि द्वितीय तल पर गैस सिलिंडर में लीकेज हुआ तो काम करने वाले स्टाफ मौके से भाग निकले। इसके थोड़ी ही देर बाद द्वितीय तल को आग की लपटों ने घेर लिया और सिलिंडरों में एक-एक कर धमाके होने लगे। मिष्ठान भंडार के सामने स्थित कचहरी पुलिस कर्मियों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां एक-एक कर आईं। इसके साथ ही मौके पर कमिश्नर दीपक अग्रवाल, डीएम सुरेंद्र सिंह और एसएसपी आनंद कुलकर्णी के साथ ही पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सिलिंडर में लीकेज के कारण आग लगी थी। उधर, राजेश गुप्ता ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता के लिए आभार जताते हुए कहा कि यदि आग बुझाने का काम जल्द शुरू न किया गया होता तो नुकसान बहुत ज्यादा होता।