वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन बुधवार को समाप्त हुआ तो जिले की पुलिस थकान मिटाने लगी। इसका फायदा उठाकर चोरों ने लक्सा, लोहता, बड़ागांव और शिवपुर थाना क्षेत्र में दो मकान, एक दुकान और सोलर बैटरियाें को निशाना बनाया। गुरुवार को सूचना पाकर पहुंची इलाकाई थानों की पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
लक्सा थाना की औरंगाबाद पुलिस चौकी के समीप स्थित जयप्रकाश चौरसिया की किराना की दुकान से चोर लगभग दस हजार रुपये के सिक्के चुरा ले गए। वहीं, पुलिस के अनुसार शटर का ताला टूटा नहीं है और चाबी दो लोगों के पास रहती है। इसलिए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। वहीं, लोहता थाना क्षेत्र के तीन स्थानों से चोर सोलर पैनल की बैटरी चुरा ले गए। घटना के संबंध में आशीष राय और सोनू पांडेय ने पुलिस को सूचना दी है। उधर, बड़ागांव थाना क्षेत्र के बैजलपट्टी गांव निवासी लोकनाथ मौर्या के बंद पड़े मकान का ताला तोड़ कर चोर 20 हजार रुपये और दो लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा लिए। लोकनाथ 19 जनवरी को परिवार के साथ मुंबई गए थे। गुरुवार को लौट कर वापस आए तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसी तरह शिवपुर थाना अंतर्गत परमानंदपुर गांव निवासी इंदल तिवारी के बंद मकान का ताला तोड़ कर चार लाख से ज्यादा कीमत के आभूषण सहित छह लाख का माल पार कर दिए। इंदल ने बताया कि वो 21 जनवरी को पूजापाठ में शामिल होने के लिए फूलपुर के नाथूपुर स्थित पैतृक गांव गए हुए थे। लौट कर वापस आए तो दरवाजों पर लगे ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान अस्तव्यस्त था।