वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में चलने वाले स्टार्ट अप यंग स्किल्ड इंडिया से आईआईएम कोलकाता के छात्र जुड़ेंगे। इंटर्नशिप के माध्यम से मैनेजमेंट के छात्र लाइव प्रोजेक्ट पर काम करना चाहते हैं। इसके अलावा बेरोजगार दूर करने के उद्देश्य से प्रोफेशनल ट्रेनिंग और डिजिटल प्रोफाइल के बारे में भी यहां रहकर अध्ययन करेंगे।
आईआईटी में चलने वाले स्टार्ट अप के माध्यम से समय-समय पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, बेरोजगारी दूर करने सहित कई आयोजन कराए जाते हैं। इसमें युवाओं को जोड़ने के लिए प्रचार-प्रसार भी कराया जाता है। अब आईआईएम कोलकाता के छात्रों ने इंटर्नशिप करने का फैसला लिया है। यंग स्किल्ड इंडिया के सीईओ नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि मैनेजमेंट के छात्र लाइव प्रोजेक्ट पर काम करना चाहते हैं, जिससे उनकी समझ स्टार्ट अप के बारे में और बढ़ सके। इसके अलावा ये छात्र बेरोजगारी को दूर करने के लिए कैसे हर छात्र को प्रोफेशनल ट्रेनिंग व डिजिटल प्रोफाइलिंग से जोड़ा जाये, इस बारे में भी जानकारी हासिल करेंगे। सात छात्रों में विश्वजीत, अर्पण, रुपेश और काव्या आदि ने बहुराष्ट्रीय कंपनी के बजाय इनोवेटिव स्टार्ट अप को चुना है ताकि वे पढ़ाई के साथ समाज की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी को कम करने में अपना योगदान कर सकें। वाराणसी के जो छात्र अपने कॉलेज में एम्प्लॉयबिलिटी को बढ़ावा देना चाहते हैं वे हेल्पलाइन नंबर 8009321506 पर भी जानकारी लेकर यंग स्किल्ड इंडिया से जुड़ सकते हैं।