वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन के महीने में भक्तों को कई नई सुविधाएं देने की तैयारी की जा रही है। इसी के तहत बाबा दरबार में इस बार भक्तों को विशेष प्रसाद मिलेगा। प्रसाद की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ ही इसे मंदिर की पहचान बनाने का भी प्रयास मंदिर किया जा रहा है। प्रसाद में लगातार गड़बड़ी की शिकायत पर इस बार मंदिर प्रशासन ने इसकी जिम्मेदारी खुद संभाली है।
तिरुपति बालाजी, साईंनाथ और संकटमोचन मंदिर की तर्ज पर काशी विश्वनाथ मंदिर में भी खास तरह का लड्डू और पेड़ा प्रसाद के रूप में भक्तों को दिया जाएगा। बाजार में मिलने वाले लड्डू और पेड़े से यह अलग होगा। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के मानकों के अनुसार ही बाबा का प्रसाद तैयार किया जाएगा। प्रसाद को एक महीने तक सुरक्षित रखा जा सकेगा।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि प्रसाद का टेंडर जारी किया जा चुका है। भक्त मंदिर परिक्षेत्र में बनाए गए काउंटरों से भी प्रसाद खरीद सकेंगे। प्रसाद को ऑनलाइन भी बुक करने की सुविधा होगी। गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए ज्योग्राफिकल इंडिकेशन यानि जीआई पंजीकरण भी कराने की कवायद चल रही है।