दुर्गागंज/सुरियावां। दुर्गागंज थानाक्षेत्र के शेरपुर गोपलहां और आसपास के दो गांवों में मंगलवार की पागल सियार ने 40 लोगों को हमला कर जख्मी कर दिया। सियार के हमले से गांव में दहशत फैल गई। सियार के हमले से जख्मी लोगों का उपचार सुरियावां सीएचसी में कराया गया। सुबह होते ही ग्रामीणों ने ताबड़तोड़ हमले कर रहे सियार को घेरकर मार डाला।
शेरपुर गोपलहां, मानीडीह और रामपुर हरनाम गांवों में मंगलवार की रात दहशत और भय के बीच गुजरी। गांव में आई एक बारात की सेवा सत्कार के बाद बाराती जनवासे में थे कि इसी बीच एक पागल सियार बारातियों के बीच कूद पड़ा और उसने जिसे भी सामने पाया सभी को दांतों से काटता गया। इससे बारातियों के साथ-साथ ग्रामीण भी सहम गए। रात में गांव में खलबली मच गई। इसके बाद सियार भागते समय सो रहे लोगों को भी निशाना बनाया और उन्हें नोच लिया। सियार ने बच्चे, महिलाएं, युवा, बुजुर्ग सभी को निशाना बनाते हुए किसी के पेट में, किसी के हाथ-पैर तो किसी की कमर में सियार से दांत से जख्म दे दिया। लोग सियार के आंतक से परेशान हो गए। रात में ही घायलों को एंबुलेंस से सुरियावां सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज के इंजेक्शन और दवाएं दी गईं। सियार के हमले में चंद्रिका (62), बबलू (38), कृष्णा (65), मीरा (28), बसंती (29), सरिता (9), मनोज पांडेय (35), राजकुमार गौतम (38), शिवम गौतम (9), फिरोज अली (25), राजेंद्र (45), शरद कुमार (15), नन्हें लाल (42), अनीता देवी (35), चंद्रावती देवी (61), किशन राम गौतम (64), मंजू देवी (35), सीमा देवी (25), शंकर लाल (51), भरत लाल (25) समेत शेरपुर गोपलहां, मानीडीह और रामपुर हरनाम गांवों के 40 लोग घायल हो गए। घायलों को रात में ही एंबुलेंस से सुरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह होते ही सियार को ढूंढकर मार डाला।