वाराणसी। मंडुवाडीह आरओबी चालू होने के बाद चौराहे से चांदपुर की ओर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। बावजूद इसके जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को मंडुवाडीह चौराहे से चांदपुर चौराहे की खस्ताहाल सड़क दिखाई नहीं पड़ती है। यहां भी किसी हादसे का इंतजार किया जा रहा है। जब कोई हादसा होगा तभी सड़क बनेगी। पीएम ने आरओबी का उद्घाटन किया तो सरकारी मशीनरी ने मंडुवाडीह चौराहे तक की सड़क बना दी। इसके आगे की सड़क छोड़ दी है
खस्ताहाल सड़क के चलते आए दिन यहां जाम लग रहा है। वाहन असंतुलित होकर गिर रहे हैं। व्यापार मंडल ने कई बार जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि अक्सर पीएम डीरेका इसी मार्ग से जाते हैं। बावजूद चौराहे से चांदपुर जाने वाली सड़क को इस प्रकार से छोड़ना लापरवाही है। जिस समय अतिक्रमण अभियान चलाया गया उसी दौरान सड़क बनाने की बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने की थी। बावजूद इसके सड़क नहीं बनी। आरओबी बनने के बाद सड़क से आम जनता को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र के राधेश्याम, विनोद, अमित, राजाराम ने कहा कि दोनों ओर सड़कों पर गड्ढे होने के कारण हराहगीर और वाहन चालक बीच सड़क पर चलते हैं। उनकी मजबूरी है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता वीके श्रीवास्तव ने कहा कि जल्द ही इस सड़क का निर्माण होगा। चूंकि वहां कुछ अतिक्रमण थे जिन्हें हटवाने के लिए पुलिस से कहा गया है।