ज्ञानपुर। 8वीं तक की मान्यता लेकर संचालित हो रह स्कूलों में हाईस्कूल और इंटर पास कराने के ठेके लिए जा रहे हैं। जिले में शिक्षा माफिया का यह खेल लंबे समय से चल रहा है। अब नया सत्र शुरू होते ही शिक्षा माफिया सक्रिय हो गए हैं। अपने जाल में अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को फंसाने में लग गए हैं। अभोली बाजार, औराई, डीघ और सुरियावां में यह खेल धड़ल्ले से चल रहा है। शिक्षा विभाग के अफसर सब जानते हुए भी अनजान बने रहते हैं।
बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए जिले में सरकारी और मान्यता प्राप्त दो हजार से अधिक शिक्षण संस्थान खुले हैं। करीब 250 से अधिक ऐसे शिक्षण संस्थान हैं जिनकी मान्यता तो आठवीं तक है लेकिन वह इंटरमीडिएट तक का प्रवेश ले रहे हैं। मान्यता प्राप्त हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेजों से सांठगांठ कर वह अभिभावकों को उत्तीर्ण कराने के नाम पर ठेका ले रहे हैं। अभोली और सुरियावां में ऐसे विद्यालयों के खिलाफ शासन तक शिकायत की गई है, जिसमें जांच कर कार्रवाई के लिए भी कहा गया है, लेकिन महकमा अब तक उस पर शांति बनाए हुए है। जिले में ऐसे और भी विद्यालय है जहां यह काम तेजी से हो रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम सरोज वर्मा ने कहा कि ऐसे स्कूलों के खिलाफ शिकायत मिली है। जल्द ही टीम बनाकर जांच की जाएगी।