सेवापुरी/लोहता/चौबेपुर। अलग-अलग जगहों पर लगी आग से करीब पांच बीघे गेहूं की फसल जल गई। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।
जंसा थाना क्षेत्र के सुमेरापुर गांव में किसान सुरेंद्र कुमार सिंह का चार बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी बिजली विभाग के साथ फायर ब्रिगेड को दी। परंतु न बिजली काटी गई और न ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा। किसान सुरेंद्र सिंह का आरोप है कि खेत से जर्जर व लटकते तार को सही करने के लिए दर्जनों बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई थी। परंतु सही नहीं किया गया। आरोप यह भी है कि बिजली तब काटी गई आग जब सारी फसल जलकर राख हो गई। ऐसा ही वाकिया जंसा थाना क्षेत्र के राखी नेवादा में चार दिन पहले हुआ था। जहां आग बुझने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंचने से ग्रामीण आक्रोशित हो उठे थे।
लोहता थाना क्षेत्र के कोरौती गांव में गोवर्धन यादव के गेहूं के खेत के ऊपर से बिजली का तार गया है। तार टूटकर गिरने से निकली चिनगारी से गेहूं की खड़ी फसल जलने लगी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद फायर ब्रिगेड को दी। गांव के आग को बुझाने का प्रयास किए लेकिन सवा बीघा फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर फायर बिग्रेड एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा।
चौबेपुर। क्षेत्र के हङियाडीह गांव में बर्थरा खुर्द गांव निवासी विकास राजभर के गेहूं की फसल जल गई। किसान संतोष चौहान निजी नलकूप से ग्रामीणों के संग आग बुझाने लगे तभी आग उनके कपङे में लग गई। जिससे वह झुलस गए। यहां पांच विस्वा गेहूं की फसल जल गई।