ज्ञानपुर। वाराणसी के पं. दीनदयाल संकुल हॉल में सोमवार को राष्ट्रपति कोविंद के हाथों सम्मानित जिले की होनहार श्रद्धा पांडेय का मंगलवार को ज्ञानपुर के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर सम्मानित किया गया। कौशल विकास मिशन योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण लेकर रोजगार प्राप्त कर चुकी श्रद्धा की सफलता पर केंद्र से जुड़े सभी प्रशिक्षक एवं अभ्यर्थी गदगद हैं।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार लायक बनाया जा रहा है। ज्ञानपुर के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एलसीसी कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण लेकर नौकरी कर रही श्रद्धा को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों सम्मानित करने के लिए चयनित किया गया था। सोमवार को वाराणसी में सम्मान मिलने के बाद मंगलवार को उसे प्रशिक्षण केंद्र पर भी सम्मानित किया गया। मूल रूप से जखांव गांव की रहने वाली श्रद्धा के पिता शिवपूजन पांडेय एक किसान हैं। श्रद्धा केएन पीजी कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। अमर उजाला से बातचीत के दौरान उसने बताया कि राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलने से वह गौरवान्वित महसूस कर रही है। यह लम्हा वह जीवन में नहीं भूल सकेगी। इस मौके पर योगेंद्र पाठक, रत्नेश कुमार सिंह, शिवानंद चौबे, नरेंद्र दूबे, आदर्श दूबे, परमानंद, कृष्णानंद आदि रहे।