ज्ञानपुर। जिले के विधायकों ने अपने कार्यकाल के पहले वर्ष में विधायक निधि के खर्च करने में दरियादिली दिखाई है। तीनों विधायकों ने जन सुविधाओं के विकास में पूरी निधि खर्च कर दी है। ज्ञानपुर और औराई विधायक ने हैंडपंप, बिजली, बारात घर, वाचनालय के निर्माण के साथ गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की सहायता में पूरी धनराशि खर्च कर दी। वहीं, भदोही विधायक एक साल में 80 लाख ही खर्च कर सके। 70 लाख के कार्य अभी प्रस्तावित हैं।
जनहित के काम कराने के लिए शासन से हर वर्ष डेढ़ करोड़ की निधि प्रत्येक विधायक को दी जाती है। इससे सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा आदि सुविधाओं का विकास कराने के साथ गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की सहायता कर सकते हैं। एक साल के कार्यकाल में जिले के तीनों विधायकों ने निधि के खर्च करने में कोताही नहीं बरती। औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने एक करोड़, 49 लाख रुपये 307 हैंडपंपों पर ही खर्च कर दिए। दावा है कि इनमें ज्यादातर हैंडपंप लगाए जा चुके हैं। इसी तरह ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने बिंद व निषाद समाज के लोगों के बारात घर के लिए 25 लाख, भगवान परशुराम वाचनालय के लिए 25 लाख, ठकुराइनी का तारा पर सुरियावां-कलिंजरा मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 25 लाख, खेदौपुर में बारात घर पर 15 लाख, ज्ञानपुर में धोबीघाट के लिए पांच लाख, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शीतल पाल वाचनालय के लिए 15 लाख, अधिवक्ता कक्ष एवं लाइब्रेरी हॉल के लिए 25 लाख और असाध्य रोग से पीड़ित लोगों की मदद में 25 लाख रुपये खर्च किया। जिन कार्यों के लिए उन्होंने धनराशि दी है, उसमें ज्यादातर निर्माणाधीन हैं। वहीं, भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने नाला निर्माण, जर्जर बिजली के तार बदलने और हैंडपंप लगवाने पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जबकि 70 लाख के उनके कार्य प्रस्तावित हैं। परियोजना निदेशक डीआरडीए आरएन सिंह ने कहा कि विधायक निधि के प्रस्तावित कार्यों पर काम चल रहा है।