खमरिया। क्षेत्र के अहिमनपुर स्थित भगौती महाविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय रोवर्स रेंजर्स शिविर का समापन रविवार को हुआ। अंतिम दिन छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
खमरिया नगर पंचायत अध्यक्ष नंद कुमार मौर्य ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान छात्र छात्राओं ने अपने हाथों में स्वच्छ भदोही-सुंदर भदोही, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, घर-घर शौचालय बनवाओ और वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ... आदि नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। नगर भ्रमण कर लोगों को जागरूक करते रैली वापस महाविद्यालय में पहुंचकर समाप्त हुई। रोवर्स-रेंजर्स के जिला संगठन आयुक्त और प्रशिक्षक चंद्रेश्वर नारायण चतुर्वेदी ने इस मौके पर बताया कि प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को विषम परिस्थितयों से निबटने के लिए प्रशिक्षित किया। समापन समारोह में 15 छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद मिश्र, प्रदीप मिश्र, प्रशांत मिश्र, डॉ. सुरेंद्र कुमार पाल, शिवकुमार मिश्र, नीतू चौबे, जीत यादव और अजय यादव आदि मौजूद थे।