वाराणसी। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद ध्वनि प्रदूषण को लेकर सरकारी अमले की नींद टूटी है। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने धार्मिक स्थलों पर बजने वाले लाउड स्पीकर से हो रहे ध्वनि प्रदूषण की जांच के लिए पुलिस और प्रशासन की आठ टीमें गठित की हैं।
डीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए तीन तहसीलों के एसडीएम और सीओ की टीम जांच कर रिपोर्ट देगी। वहीं, शहर के लिए चार एसीएम और संबंधित सीओ इसकी रिपोर्ट देंगे। अधिकारियों से पंद्रह जनवरी तक रिपोर्ट देने को कहा गया है। इसके बाद धार्मिक गुरुओं के साथ बैठक कर सभी से मानक के अनुरूप ध्वनि करने पर चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने धार्मिक स्थलों पर मानक से तेज आवाज में बजने वाले लाउड स्पीकरों पर रोक लगाने को कहा है।