वाराणसी। बीएचयू का नया कुलपति कौन होगा, कब तक इसकी घोषणा होगी, इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कुलपति के चयन के लिए बनी सर्च कमेटी की बैठक दो दिन पहले हुई। इसमें अंतिम 12 नामों की सूची भी तैयार कर ली गई है। इसके बाद माना जा रहा है कि मकर संक्रांति तक विश्वविद्यालय के नये कुलपति की घोषणा हो सकती है। ज्यादातर संभावना है कि इस बार मानव संसाधन मंत्रालय ओबीसी संवर्ग के किसी कड़े प्रशासक के हाथ में विश्वविद्यालय की कमान सौंप सकता है।
विश्वविद्यालय में प्रो. जीसी त्रिपाठी का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो गया। लेकिन 43 दिन बाद भी अब तक अगले वीसी की घोषणा न हो पाने को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। कार्यकाल खत्म होने के साथ ही नियमानुसार चयन प्रक्रिया शुरू हो जाती है। ऐसे में माना जा रहा था कि अधिकतम दिसंबर का महीना समाप्त होते-होते कुलपति की घोषणा हो जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सूत्रों की मानें तो प्रो. विजय केलकर की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय सर्च कमेटी की बैठक छह जनवरी को दिल्ली में हुई। इसमें कुलपति के लिए आए करीब 300 आवेदन आए। यह भी चर्चा है कि दावेदारों में बीएचयू से ही 50 से अधिक ने आवेदन किया था। स्क्रीनिंग के बाद 12 दावेदारों की सूची तैयार कर ली गई है।
इन्हीं में से कोई तीन नाम तय कर उस पर अंतिम मुहर के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। इस बीच सोमवार को परिसर में इस बात की चर्चा तेज रही कि जो 12 की सूची तैयार की गई है, इसमें डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी महाराष्ट्र के प्रोफेसर बालू अनांडा, आईआईएम गुजरात के प्रो. केके मेहता दौड़ में शामिल हैं। विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस 22 जनवरी को है। ज्यादा संभावना है कि नए कुलपति इस समारोह में मौजूद रहेंगे। उधर, दिल्ली से मिली जानकारी के अनुसार बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति के चयन के लिए सर्च एवं सेलेक्शन कमेटी की अगली बैठक 13 जनवरी को आयोजित होने जा रही है।