वाराणसी। कांग्रेस के बागी उम्मीदवारों पर अब सख्ती करने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस ने बागी प्रत्याशियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इससे रामनगर पालिका परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष और शहर के कुछ पार्षदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तलवार लटकने लगी है। इसके साथ ही पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले लोगों पर भी गाज गिरनी तय है।
प्रत्याशियों की घोषणा के बाद लगभग सभी दलों में घमासान मच गया था। कांग्रेस ने किसी असंतुष्ट को मनाने के लिए कोई पहल नहीं की। लिहाजा जिले में एक दर्जन से ज्यादा बागी प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगर निगम की बात करें तो कई वार्डों में ऐसे बागी मैदान में हैं जिनका क्षेत्र में अच्छा खासा दबदबा है जिन्हें लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। उनके रहते पार्टी के घोषित प्रत्याशियों को नुकसान की आशंका कहीं ज्यादा बढ़ गई है। इसी में रामनगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद भी है। इन बागियों को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का वरदहस्त भी हासिल है।
इस बाबत जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि नामवापसी के बाद इस मामले में पार्टी के नेताओं की बैठक बुलाई गई है। बैठक में देर रात तक बागी प्रत्याशियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।