वाराणसी/सारनाथ। सलारपुर निवासी दारानगर वार्ड के निवर्तमान पार्षद किशोर सेठ की पत्नी पूनम सेठ (44) की बुधवार रात क्षेत्र के ही निजी अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे पूनम के भाई राजेश ने हालात पर संदेह जताते हुए पुलिस को पुलिस को सूचना दी तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि पड़ोसियों ने मौत को स्वाभाविक बताते हुए नाराजगी जताई तो राजेश मौके से निकल लिया। उधर, किशोर सेठ के अनुसार उनकी पत्नी को सीने में दर्द उठा था और अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। एक साल पहले हुई बेटी की मौत से वह हमेशा मायूस रहा करती थीं।
किशोर ने बताया कि बुधवार रात 11 बजे उनके बेटे ने फोन कर बताया कि मम्मी की तबीयत ठीक नहीं है तो वह घर पहुंचे और उन्हें लक्ष्मी मंदिर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने रेफर करते हुए बताया कि हार्ट अटैक है तो दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया गया। किशोर ने पूनम की मौत की सूचना दी तो मीरा नगर कंचनपुर निवासी उनका भाई राजेश सेठ पहुंचा।
राजेश ने बताया कि पूनम और किशोर का विवाह वर्ष 1993 में हुआ था। दोनों को दो बेटियां और एक बेटा थे जिसमें से बड़ी बेटी की पिछले साल मौत हो गई थी। बीते कुछ दिनों से किशोर अपना मकान बेचना चाहते थे लेकिन पूनम विरोध करती थी। पूनम की मौत संदिग्ध हाल में हुई है इसलिए पोस्टमार्टम कराकर वजह स्पष्ट होनी चाहिए। राजेश की सूचना पर सारनाथ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, किशोर ने बताया कि बीते 31 अक्तूबर को ही उनकी पत्नी का जन्मदिन था। बुधवार को भी वे घरेलू कामकाज में लगी हुई थीं। वहीं, किशोर की बेटी स्नेहा और बेटे का कहना था कि मामा लोग कभी हमारे घर नहीं आते थे। मां की मौत हो गई तो ना जाने क्यों पापा पर झूठा आरोप लगाकर उन्हें फंसाने पर तुले हुए हैं।