बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर के बैंक खाते से फर्जी चेक के जरिये 18.23 लाख रुपये निकाल लिए गए। इस जालसाजी की जानकारी होने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बुधवार की शाम उप महाप्रबंधक (वित्त) ने फूलपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण मुख्यालय, दिल्ली से भी अधिकारियों की एक टीम मामले की छानबीन करने आ गई है।
लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे का खाता बाबतपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार जालसाजों ने फर्जी चेक लगा कर सात किस्तों में खाते से 18.23 हजार रुपए निकाल लिए हैं। गुरुवार को दिन भर पूछताछ चलती रही। फूलपुर थानाध्यक्ष का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। उप महाप्रबंधक (वित्त) राम निहाल बताया कि जिन नंबरों के चेक से रुपये निकाले गए हैं, उन्हीं नंबरों के चेक उनके कार्यालय में मौजूद हैं। एयरपोर्ट निदेशक एके राय ने बताया कि पश्चिम बंगाल में रुपये निकाले गए हैं। मुख्यालय के अधिकारी भी इसकी जांच कर रहे हैं।