वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में तीन नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर गहमा-गहमी के बीच बुधवार को प्रचार थम गया। प्रचार का अंतिम दिन होने की वजह से दिन भर परिसर का माहौल गरम रहा। दोपहर में मानविकी संकाय में दो गुट आमने-सामने आ गए। इस बीच नोंकझोंक शुरू हुई और हाथापाई होने की नौबत आ गई कि मौके पर कुलानुशासक प्रो. शंभुनाथ उपाध्याय संग पुलिस जवानों ने मोर्चा संभाला और दोनों को वहां से अलग किया। 20 बूथों पर मानविकी संकाय में मतदान की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं मतदान खत्म होने के बाद उसी दिन शाम चार बजे से मतगणना होगी और संभवत परिणाम भी एक-दो घंटे में सबके सामने होगा।
सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलने वाले मतदान में इस बार 8133 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। नियमानुसार मतदान प्रक्रिया शुरू होने के 30 घंटा पहले चुनाव प्रचार थम जाना है। ऐसे में बुधवार को परिसर में विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई-समाजवादी छात्रसभा के संयुक्त पैनल के उम्मीदवारों के समर्थन में नारेबाजी होती रही। इसमें कई बार प्रशासनिक भवन चौराहा, मानविकी संकाय, छात्रावास पास दोनों गुट आमने-सामने आ गए। दोपहर में मानविकी संकाय के पास भी ऐसा ही हुआ। इसी बीच एक गुट की भीड़ से किसी ने दूसरी तरफ एक चाय का कुल्हड़ फेंक दिया, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। बस क्या था दोनों तरफ से कहासुनी शुरू हो गई। मौके पर पहुंचे कुलानुशासक ने दोनों से बातचीत कर मामला सुलझाया। उधर मानविकी संकाय में मतदान के लिए बन रहे बूथ के साथ ही गेट पर बैरीकेडिंग आदि तैयारियां तेज हो गई हैं।