वाराणसी। वर्कआउट और मौज-मस्ती का फ्यूजन ट्रेंड युवाओं को तेजी से लुभा रहा है। ट्रेेडिशनल और मॉडर्न एक्सरसाइज के फ्यूजन से तैयार मूविंग स्टेप्स एक्सरसाइज को युवा हाथों हाथ स्वीकार कर रहे हैं। फिटनेस एक्सपर्ट ने ऐसा वर्कआउट प्रोग्राम डिजाईन किया है जो मजेदार होने के साथ ही वजन भी घटाता है। एक्सरसाइज के इस प्रोग्राम को फिटनेस एक्सपर्ट ने इस तरह से डिजाइन किया है कि इसमें एनर्जी लेवल हाई होता है और इन्हें करना भी बोरिंग नहीं लगता है।
योग और खेल का फ्यूजन
फिटनेस प्लैनेट के संचालक ट्रेेनर रोहित रावत का कहना है कि इनको करने में एक्सरसाईज की फीलिंग कम और डांस की फीलिंग ज्यादा होती है। योग के शौकीन और किक बाक्सिंग को पसंद करने वाले युवाओं को यह कॉम्बिनेशन सबसे ज्यादा लुभा रहा है। यह एक्सरसाइज हिप्स के फैट को तेेजी से कम करता है। इसमें योग के विभिन्न आसनों को कॉर्डियो एक्सरसाईज के साथ मिलाया गया है। तनावपूर्ण जीवनशैली वाले लोगों की यह पहली पसंद है। क्योंकि योगा और किक बॉक्सिंग का कॉम्बिनेशन आपकी थकावट को दूर करने के साथ ही
तनाव को भी आसानी से रिलीज करता है।
महिला फिटनेस ट्रेनर रीना पटेल का कहना है कि कई सारी एक्सरसाइज को मिला-जुला रूप योगालेज है। इससे पूरी बॉडी को स्ट्रेच करने में काफी मदद मिलती है। इसके साथ ही सांसों को नियंत्रित करना इसकी विशेषता है। इससे शरीर के सभी हिस्सों का वर्कआउट हो जाता है। इसके साथ ही छोटे डंबल्स के साथ संगीत की धुनों पर डांस करना युवतियों को सबसे ज्यादा लुभा रहा है। जुम्बा बीट्स को कई बॉलीवुड स्टेप्स के साथ मिलाकर तैयार किया गया है। फ्यूजन योगा को मार्शल आर्ट और योग को मिलाकर तैयार किया जाता है। यह ट्रेडिशनल योग है लेकिन अब इसे नए कलेवर में लोगों के सामने पेश किया गया है।
गृहिणी सिमरप्रीत का कहना है कि यह फ्यूजन बेहद लाभदायक है। वेट लूज करने का यह प्रोग्राम बेहद फायदेमंद है। मैंने एक माह के अंदर 5 किलो वजन कम किया है। जो मेरे लिए एक अचीवमेंट से कम नहीं है। वहीं शिवांगी और खुशी का कहना है कि यह किसी भी तरह से बोरिंग नहीं लगता है। इसको हम लोग काफी इंज्वाय कर रहे हैं।