वाराणसी। सावन मेले के दौरान पुलिस कांवरियों के छोटे साउंड सिस्टम की ध्वनि की तीव्रता साउंड मीटर से चेक करेगी। यदि निर्धारित मानक से ज्यादा तेज आवाज रही तो उसे पुलिस जब्त कर लेगी। नवागत एसएसपी रामकृष्ण भारद्वाज ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में यह जानकारी दी। कांवरियों के वेश में उनके जत्थे में आतंकियों के शामिल होने संबंधी इनपुट पर एसएसपी ने कहा कि पूरी सतर्कता बरती जाएगी और खुफिया इकाइयां सक्रिय रहेंगी।
बुधवार की रात कार्यभार संभालने के बाद गुरुवार को एसएसपी पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि जिन-जिन स्थानों से कांवरिया जिले में प्रवेश करते हैं, वहां पुलिसकर्मियों को साउंड मीटर के साथ तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के चेक प्वाइंट्स पर भी पुलिस साउंड मीटर के साथ रहेगी। नियमानुसार ध्वनि की तीव्रता औद्योगिक क्षेत्र में सुबह छह से रात नौ बजे तक 75 डेसिबल, व्यावसायिक क्षेत्र में 65 डेसिबल, आवासीय क्षेत्र में 55 डेसिबल और साइलेंस जोन में 50 डेसिबल होनी चाहिए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के आचरण संबंधी शिकायत मिली तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मी अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाएं।। यातायात संबंधी समस्याएं देख-समझ कर उनका समाधान कराया जाएगा। सभी महत्वपूर्ण स्थानों और इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था और चुस्त-दुरुस्त की जाएगी।