वाराणसी। राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में सोशल सेक्टर की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। शहर में विभिन्न सेक्टरों में कार्य करने वाली महिलाओं को आवासीय व्यवस्था में आने वाली परेशानी को दूर करने के लिए राजघाट, सुंदरपुर, लंका, वरुणापार सहित शहर के मध्य में पांच वर्किंग लेडी हॉस्टल बनाने का प्रस्ताव 15 दिन में उपलब्ध कराने का निर्देश समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया। आवश्यकता पड़ने पर इसे पीपीपी माडल पर भी संचालित कराया जाएगा। सड़क पर घूमने वाले लावारिस एवं मानसिक रोगियों के लिए भी ‘अपना घर’ की तर्ज पर निराश्रित गृह खोले जाने पर जोर देते हुए विभागीय अधिकारी को इसका प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। गरीब लोगों के बच्चों की शादी के लिए निजी वाटिकाओं की भांति शहर में 3-4 विवाह मंडप बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
सुगम भारत अभियान के तहत दिव्यांगों के लिये दशाश्वमेध एवं अस्सी घाट के अलावा काशी विद्यापीठ, कैंट स्टेशन एवं बीएचयू सहित 12 स्थानो पर बनाये जाने वाले दिव्यांग फ्रेंडली भवन के लिये स्थान चिह्नित कराने को कहा। ऑनलाइन पेंशन व्यवस्था के कारण आवेदन करने में कतिपय परेशानियों के को देखते हुए विधवा, वृद्धावस्था एवं विकलांग आदि विभिन्न पेंशन योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए विधानसभा एवं जोनल स्तर पर जुलाई से विशेष कैंप लगाए जाने का निर्देश दिया है। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित आलोक श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।