वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में शनिवार को हुई बैठक में प्रबंध निदेशक सुरेश चंद्र भारती ने कहा कि शहर में स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को अपने बिजली उपभोग, मीटर रीडिंग, बिल आदि की जानकारी मोबाइल फोन पर मिलती रहेगी। वहीं विभाग को लोडशैडिंग, भुगतान प्राप्त न होने पर उनका बिजली कनेक्शन स्वत: कट जाएगा। स्मार्ट मीटर लगने से बिजली चोरी, लाइन लॉस पर नियंत्रण लग सकेगा।
उपभोक्ताओं को सही बिजली का बिल, बिजली बचत उपाय आदि की जानकारी मोबाइल फोन पर मिलेगी। बैठक में देश विदेश की 12 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें एलएंडटी, जीनस, कैपिटल पावर, टीसीएस, फ्यूसेंट ग्रिड आदि के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मीटर की खासियत के बारे में मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने दी। इस काम का टेंडर खोलने के लिए 30 जून निर्धारित की गई है। बैठक में मुख्य रूप से एसपी त्रिपाठी, बीपी सिंह, प्रवीन कुमार, राकेश सिन्हा आदि शामिल रहे।